Select your language

This website will display in the language you choose.

द्विभाषी व्यक्ति और दुभाषिया: इनमें क्या अंतर है?

Category Consumer resource Published 15 जनवरी 2026

सभी दुभाषिए द्विभाषी होते हैं, लेकिन सभी द्विभाषी व्यक्ति दुभाषिए नहीं बन सकते हैं।

  • दुभाषिया एक प्रशिक्षित द्विभाषी पेशेवर होता है, जिसके पास द्विसांस्कृतिक कौशल होते हैं और जो नैतिक संहिता से बाध्य होता है। ऑस्ट्रेलिया में दुभाषिए के रूप में काम करने का सामुदायिक मानक NAATI द्वारा प्रमाणित (सर्टिफाइड) होना है।
  • द्विभाषी व्यक्ति दो भाषाएँ बोल सकता है, लेकिन उसने दुभाषिए के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त नहीं किया होता है और वह नैतिक संहिता से बाध्य नहीं होता है।

कौन सी बात दुभाषियों को अलग बनाती है?

प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) और प्रमाणन (सर्टिफिकेशन)

दुभाषियों को पेशेवर रूप से काम करने हेतु आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए औपचारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) प्रदान करने से पहले NAATI उनके कौशल और अनुभव की जाँच करती है, इसलिए आप इस बात को लेकर आश्वस्त हो सकते/ती हैं कि उनकी क्षमताओं का आकलन किया गया है।

भाषा और पारगमन कौशल

दुभाषियों की सटीकता और व्यावसायिकता सुनिश्चित करने के लिए NAATI कई कौशलों का आकलन करती है। इसमें भाषा क्षमता, याद रखने की क्षमता, स्पष्टीकरण मांगने के लिए आत्मविश्वास, ओवरलैपिंग स्पीच का प्रबंधन, वक्ताओं के लहजे और शैली से मेल खाने की क्षमता, आदि शामिल हैं। दुभाषिए कही गई बातों में सांस्कृतिक अर्थों को पहचानने और उनका दूसरी भाषा में अच्छी तरह से संवाद करने में कुशल होते हैं।

पेशेवर आचरण

दुभाषिए नौ मार्गदर्शक सिद्धांतों वाली एक आचार संहिता का पालन करते हैं। उदाहरण के लिए, दुभाषियों का सटीक, निष्पक्ष और गोपनीय होना आवश्यक है। वे सहमति के बिना जानकारी साझा नहीं करेंगे (कानून द्वारा आवश्यक होने की स्थिति के अलावा)। वे अपने काम में नैतिक दुविधाओं का प्रबंधन करने में भी कुशल होते हैं।

विशिष्ट ज्ञान

कई दुभाषिए कानूनी या स्वास्थ्य-देखभाल जैसे विशिष्ट क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हैं। इससे शब्दावली और स्थितियों के ज्ञान का निर्माण करते हुए सटीक भाषांतरण करने की उनकी क्षमता बढ़ती है। स्वास्थ्य या कानूनी परिवेशों में अत्यधिक विशेषज्ञता-प्राप्त दुभाषियों के लिए NAATI कुछ भाषाओं में प्रमाणित विशेषज्ञ दुभाषिया प्रमाण-पत्र (सर्टिफाइड स्पेशलिस्ट इंटरप्रेटर‌ क्रेडेंशियल) प्रदान करती है।

दुभाषियों के तौर पर नियुक्त द्विभाषी लोग

कौशल की कमी

द्विभाषी व्यक्ति दो भाषाओं में सहज हो सकता है, लेकिन वह उनके बीच अर्थ का आदान-प्रदान करने में कुशल नहीं भी हो सकता है। उनमें स्पष्टीकरण मांगने के लिए आत्मविश्वास या नोट्स लिखने के अनुभव का अभाव हो सकता है, जो कि जानकारी के जटिल होने पर एक महत्वपूर्ण कौशल है। उनके पास औपचारिक या जटिल स्थितियों के लिए शब्दावली की कमी हो सकती है।

गलत संचार से जुड़ा खतरा

कानूनी, चिकित्सा संबंधी या अन्य संवेदनशील स्थितियों में अप्रशिक्षित द्विभाषी लोगों से भाषांतरण करवाने से गंभीर गलतियाँ हो सकती हैं। इससे गलत रोग-निदान, कानूनी अधिकारों के बारे में गलतफहमियाँ, सहमति संबंधी समस्याएं या गोपनीयता का उल्लंघन हो सकता है।

परीक्षण (टेस्ट) नहीं लिया गया

उनके भाषा और भाषांतरण कौशल का स्वतंत्र रूप से आकलन नहीं किया गया है।

परिवार के सदस्यों का दुभाषिए के तौर पर प्रयोग

परिवार के सदस्यों को दुभाषिए के रूप में प्रयोग करने से अतिरिक्त समस्याएं पैदा होती हैं:

  • शब्दावली की कमी या भावनात्मक, सांस्कृतिक या व्यक्तिगत कारणों से जानकारी जोड़ने या हटाने की वजह से वे खतरनाक गलतियाँ कर सकते हैं।
  • वे घटनाओं का अपना संस्करण बता सकते हैं
  • गोपनीयता कारणों की वजह से संबंधित व्यक्ति सभी प्रासंगिक जानकारी साझा नहीं कर सकता है
  • इससे परिवार के सदस्य को तनाव और आघात हो सकता है

18 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति से भाषांतरण का काम नहीं करवाना चाहिए। पेशेवर दुभाषिए को नियुक्त करने से परिवार को भावनात्मक समर्थन प्रदान करने और प्रश्न पूछने पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलता है।

वे स्थितियाँ, जिनमें द्विभाषी लोग उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं

जब संचार में जोखिम कम हो और सटीकता अनिवार्य न हो, तो ऐसी स्थितियों में द्विभाषी लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। द्विभाषी कर्मचारी रिसेप्शनिस्ट, नर्स, प्रशासनिक अधिकारी, मार्केटिंग पेशेवर, टूर गाइड आदि के रूप में काम करते हैं। दो भाषाएँ बोलने की उनकी क्षमता सामुदायिक संचार को बेहतर बनाती है।

स्वास्थ्य-देखभाल सेवा में, रोगी की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि वाले द्विभाषी स्वास्थ्यकर्मी सांस्कृतिक रूप से उपयुक्त देखभाल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किंतु इन स्थितियों में हमेशा दुभाषिए की सहायता लें, जहाँ:

  • सहमति शामिल है
  • रोग-निदान, उपचार योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण या भावनात्मक परिस्थितियों पर चर्चा की जा रही है।

पूछे जाने वाले प्रश्न

दुभाषिए और द्विभाषी व्यक्ति में से किसी एक को चुनते समय निम्नलिखित बातों पर विचार करें:

  • क्या कोई नैतिक पहलू हैं?
  • क्या गलतफहमियों के गंभीर नकारात्मक परिणाम हो सकते हैं?
  • क्या यह बातचीत या जानकारी कानूनी रूप से बाध्यकारी है?
  • क्या मुझे सहमति देनी या प्राप्त करनी होगी?
Was this page helpful?(आवश्यक)

Your feedback helps us improve this page. NAATI uses this feedback to improve our website.

If you need a reply, please use our Contact us form.

This site is registered on wpml.org as a development site. Switch to a production site key to remove this banner.