किसी व्यक्ति या भाषा सेवा प्रदाता का चयन करना
जब आपको अनुवाद या दुभाषिया सेवाओं की आवश्यकता होती है, तो आप एक व्यक्तिगत अनुवादक या दुभाषिया और एक भाषा सेवा प्रदाता (LSP) के बीच चयन कर सकते/ती हैं।
1. अपनी आवश्यकताओं को परिभाषित करें
- आपको जिस प्रकार की सेवा की आवश्यकता है, उसकी पहचान करें—जैसे कि अनुवाद (ट्रांसलेशन), भाषांतरण (इंटरप्रेटिंग), या दोनों
- आवश्यक भाषाओं और बोलियों का उल्लेख करें
- इस बात पर विचार करें कि क्या आपको विषय में विशेषज्ञता वाले किसी व्यक्ति की आवश्यकता है
- यह तय करें कि प्रोजेक्ट एक बार का है या निरंतर चलने वाला है, और इसकी समय सीमाएँ क्या हैं
| व्यक्तिगत अनुवादक और दुभाषिए | LSPs |
|---|---|
| व्यक्तिगत अनुवादक और दुभाषिए सीधा संचार और व्यक्तिगत दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। वे अक्सर किफायती और अनुकूलनशील (फ्लैक्सीबल) होते हैं, खासकर दुर्लभ भाषाओं या छोटे प्रोजेक्ट्स के लिए। | LSPs कई भाषाओं से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ काम कर सकते हैं, जैसे कि सम्मेलन, समारोह या बड़ी मात्रा में अनुवाद कार्य। उनके पास अनुवाद या भाषांतरण से जुड़ी अधिक तकनीकियों या उपकरणों तक पहुंच हो सकती है। |
2. प्रमाण-पत्र (क्रेडेंशियल) और गुणवत्ता की जांच करें
यह सत्यापित करें कि अनुवादक या दुभाषिया NAATI द्वारा प्रमाणित है या नहीं। इस वेबसाइट पर ‘Check a NAATI Certification (NAATI प्रमाणन की जांच करें)’ टूल का उपयोग करें। आप यह भी पूछ सकते/ती हैं कि क्या वे AUSIT, ASLITA या NZSTI जैसी किसी पेशेवर संस्था के सदस्य हैं। हमेशा उनके रेफरेंस (संदर्भों) की जांच करें।
LSPs के लिए यह सुनिश्चित करें कि वे NAATI-प्रमाणित व्यवसायियों के साथ काम करते हैं। यदि आपको कोई संदेह है, तो आप व्यवसायी के CPN के लिए निवेदन कर सकते/ती हैं, ताकि आप NAATI की वेबसाइट पर उनके प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) की पुष्टि कर सकें। ऑनलाइन समीक्षाओं और संदर्भों की जांच करें। गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं के बारे में पूछें और पुष्टि करें कि वे प्रासंगिक सांस्कृतिक विवरणों और शब्दावली से परिचित हैं।
3. शुल्कों और मूल्य की तुलना करें
शुल्कों की तुलना करने के लिए एक से अधिक कोट्स प्राप्त करें। व्यक्तियों के लिए, यह सुनिश्चित करें कि कोई छिपी हुई फीस जैसे कि ऐसे कामों के लिए अतिरिक्त शुल्क न हो जिन्हें आपको तुरंत पूरा करवाने की आवश्यकता हो। LSPs के लिए, परियोजना प्रबंधन, गुणवत्ता आश्वासन और टैक्नोलॉजी सहायता के मूल्य पर विचार करें।
क्या आपको आधिकारिक दस्तावेजों के प्रमाणित अनुवाद की आवश्यकता है?
यदि आपको ऑस्ट्रेलिया में उपयोग के लिए जन्म प्रमाण-पत्र (बर्थ सर्टिफिकेट) या लिखित प्रतिलिपि (ट्रांसक्रिप्ट) जैसे किसी आधिकारिक दस्तावेज़ का अनुवाद करवाने की आवश्यकता है, तो आमतौर पर यह ज़रूरी होगा कि यह अनुवाद NAATI-प्रमाणित अनुवादक द्वारा ही किया जाए। यदि आपने किसी LSP की सेवाएं लेने का निर्णय लिया है, तो उन्हें यह बताना सुनिश्चित करें कि अनुवाद कार्य NAATI-प्रमाणित अनुवादक द्वारा ही पूरा किया जाए।