भाषा चुनें

यह वेबसाइट आपके द्वारा चुनी गई भाषा में प्रदर्शित होगी।

चिकित्सा दुभाषियों के साथ काम करना: स्वास्थ्य-देखभाल प्रदाताओं के लिए संदर्शिका

श्रेणी चिकित्सीय/HCP संसाधन प्रकाशित 22 जनवरी 2026


गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य-देखभाल प्रदान करने के लिए प्रभावी संचार बहुत आवश्यक है। जिन रोगियों की अंग्रेज़ी कुशलता सीमित है या जो सुनने में अक्षम हैं, उनके लिए चिकित्सकों और रोगियों के बीच सटीक, सम्मानजनक और सुरक्षित संवाद सुनिश्चित करने में पेशेवर दुभाषिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

NAATI-प्रमाणित दुभाषियों (NAATI-सर्टिफाइड इंटरप्रेटर्स) के साथ काम क्यों करें?

NAATI-प्रमाणित दुभाषिए नैतिक आचार-संहिता से बाध्य होते हैं और उन्हें गोपनीयता, निष्पक्षता और सटीकता सहित नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। परिवार के सदस्यों या द्विभाषी कर्मचारियों के विपरीत, उनकी भूमिका भावनात्मक रूप से शामिल हुए बिना जटिल चिकित्सा शब्दावली और संवेदनशील चर्चाओं के साथ व्यवहार करना है।

NAATI द्वारा प्रमाणित दुभाषियों के साथ काम करने से:

  • रोगी की सुरक्षा और सूचित सहमति बढ़ती है
  • नैदानिक और कानूनी जोखिम कम होता है
  • नैदानिक गलतियाँ और गलतफहमियां कम होती हैं
  • रोगी की संतुष्टि और स्वास्थ्य परिणाम बेहतर होते हैं
  • स्वास्थ्य-देखभाल और भेदभाव विरोधी कानूनों के तहत कानूनी और नैतिक दायित्वों को समर्थन मिलता है।

दुभाषिए की सेवाएं कब लें

दुभाषिए की सेवाएं तब लें, जब:

  • रोगी इसके लिए अनुरोध करे
  • रोगी की अंग्रेज़ी कुशलता सीमित हो
  • रोगी सुनने में अक्षम हो या उन्हें कम सुनाई देता हो
  • जटिल, संवेदनशील या कानूनी जानकारी पर चर्चा की जा रही हो, जिसमें सहमति मांगने की स्थिति भी शामिल है।

तनाव या अपरिचित परिस्थितियाँ रोगी की संचार क्षमताओं को प्रभावित कर सकती हैं, भले ही आमतौर पर वे अंग्रेज़ी समझते हों। बच्चों, परिवार के सदस्यों या अप्रशिक्षित कर्मचारियों पर निर्भर न करने की कोशिश करें, खासकर मानसिक स्वास्थ्य, सहमति या निदान से संबंधित स्थितियों में।

याद रखें: दुभाषिया बातचीत में शामिल सभी लोगों के लिए होता है, न कि केवल अंग्रेज़ी में कम कुशलता वाले व्यक्ति के लिए। यदि आप इस बारे में चिंतित हैं कि आप रोगी के साथ ठीक से संवाद नहीं कर पा रहे/ही हैं, तो आपको किसी दुभाषिए को बुलाना चाहिए।

दुभाषिए की बुकिंग करना

कई अस्पतालों और क्लीनिकों में बुकिंग की स्थापित प्रक्रियाएं होती हैं। अपने संगठन की प्रक्रियाओं की समीक्षा करें और समुचित भाषा सेवाएं प्रदान किए जाने के लिए यथाशीघ्र व्यवस्थाएँ करें।

दुभाषियों के साथ काम करने के तरीके के बारे में NAATI के दिशानिर्देश पढ़ें, जिसमें सही ढंग के भाषांतरण का चयन करना भी शामिल है।

आवश्यक जानकारी

दुभाषिया बुक करने के लिए आपको निम्नलिखित की आवश्यकता होगी:

  • रोगी का नाम (छोटे समुदायों में गोपनीयता का ध्यान रखें, जहाँ विषय संवेदनशील हो)
  • आवश्यक भाषा
  • बुकिंग की तिथि, समय और अवधि
  • एपॉइंटमेंट का प्रकार और चर्चा की प्रकृति
  • पता (ऑनसाइट सेवाओं के लिए)
  • कर्मचारी का नाम और संपर्क विवरण

अन्य विचार

  • दुभाषियों के साथ किए जाने वाले परामर्श में दुभाषिए के बिना किए जाने वाले परामर्श की तुलना में अधिक समय लग सकता है। बुकिंग के समय के लिए इस बात को ध्यान में रखें।
  • रोगियों से उनके दुभाषिए के लिंग से संबंधित प्राथमिकताओं के बारे में पूछें।
  • कुछ रोगी उनके जारी परामर्शों के लिए एक ही दुभाषिए को प्राथमिकता दे सकते हैं।

सत्र से पहले

दुभाषिए की प्रतीक्षा-संबंधी व्यवस्थाएँ

यदि संभव हो, तो दुभाषियों के लिए रोगी से अलग एक निर्दिष्ट प्रतीक्षा क्षेत्र उपलब्ध कराएं। इससे पेशेवर सीमाएं बनी रहती हैं और परामर्शों से पहले कर्मचारियों को दुभाषियों को संक्षेप में बताने के लिए स्थान मिलता है।

दुभाषिए को संक्षेप में बताना

परामर्श से पहले दुभाषिए को अपना परिचय दें और संक्षेप में (ब्रीफिंग) बताएं। पृष्ठभूमि से प्रासंगिक जानकारी और चर्चा किए जाने वाले विषयों को साझा करें, विशेषकर यदि सत्र में संवेदनशील विषय शामिल हों। अच्छी तरह से ब्रीफिंग करने से दुभाषिए को प्रभावी परामर्श के लिए तैयार होने में मदद करती है। ब्रीफिंग करने सहित दुभाषियों के साथ काम करने के तरीके के बारे में NAATI के दिशानिर्देश यहाँ देखें।

बैठने की व्यवस्थाएँ

ऑनसाइट एपॉइंटमेंट्स के लिए: रोगी, दुभाषिए और चिकित्सक को एक त्रिकोण में बैठाने की व्यवस्था करें। इससे स्पष्ट संचार को बढ़ावा मिलता है और सभी की भागीदारी सुनिश्चित होती है।

ऑसलान (Auslan) भाषांतरण के लिए: दुभाषिए को स्वास्थ्यकर्मी के बगल में और रोगी के सामने बैठना या खड़े होना चाहिए। इससे सुनने में अक्षम रोगी को वक्ता (स्पीकर) से नज़रें मिलाए रखने और शारीरिक हाव-भाव को समझने का अवसर मिलता है। अधिक लंबे सत्रों के लिए, दो दुभाषिए बारी-बारी से काम कर सकते हैं।

रिमोट इंटरप्रेटिंग के लिए: यह सुनिश्चित करें कि आपके पास आवश्यक उपकरण हैं और आप उन्हें चलाना जानते/ती हैं। टेलीफोन इंटरप्रेटिंग के लिए लैंडलाइन और स्पीकर फोन की सुविधा सबसे उपयुक्त है।

सत्र के दौरान

एपॉइंटमेंट की शुरुआत करना

सबसे पहले, रोगी को अपना और दुभाषिए का परिचय दें। दुभाषिए की भूमिका स्पष्ट करें; वे संवाद को सुगम बनाते हैं और बिना कोई जानकारी जोड़े या हटाए, कही गई बात का सटीक भाषांतरण करते हैं। सत्र का उद्देश्य समझाएँ और रोगी को किसी भी समय प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित करें।

एपॉइंटमेंट समाप्त करना

मुख्य बिंदुओं का सारांश प्रस्तुत करें, ताकि रोगी को पूरी बात समझ आ जाए। यह सुनिश्चित करें कि रोगी को जानकारी समझ आ गई है और उन्हें अंतिम प्रश्न पूछने के लिए आमंत्रित करें। पेशेवर सीमाओं को बनाए रखने के लिए दुभाषिए और रोगी के अलग-अलग जाने की व्यवस्था करें।

सत्र के बाद

विशेष रूप से जटिल परामर्शों के बाद, दुभाषियों के साथ चर्चा करने का अवसर प्रदान करें। इससे किन्हीं भी समस्याओं पर चर्चा करने का अवसर और प्रभावी सहयोग को बढ़ावा मिलता है। यह दुभाषिए के व्यवहार के बारे में फीडबैक देने या किन्हीं भी चिंताओं पर ध्यान देने का उपयुक्त समय भी होता है।

अतिरिक्त संसाधन

और अधिक जानकारी के लिए यहाँ जाएँ:

क्या इस पेज से सहायता मिली?(अनिवार्य)

आपके फीडबैक से हमें इस पेज को बेहतर बनाने में मदद मिलती है, NAATI इस फीडबैक का उपयोग अपनी वेबसाइट को बेहतर बनाने के लिए करती है।

यदि आपको उत्तर की आवश्यकता है, तो कृपया हमारे संपर्क फ़ॉर्म का उपयोग करें।

This site is registered on wpml.org as a development site. Switch to a production site key to remove this banner.